बच्चे गर्मी की छुट्टियों का सही उपयोग करें : कारी मुहम्मद अनस
जामिया अल इस्लाह एकेडमी में स्पेशल समर क्लासेज का आगाज
सैय्यद फरहान अहमद
गोरखपुर, उत्तर प्रदेश।
जामिया अल इस्लाह एकेडमी नौरंगाबाद गोरखनाथ में तीन दिवसीय स्पेशल समर क्लासेज का उद्घाटन कुरआन-ए-पाक की तिलावत से हुआ। अध्यक्षता करते हुए असिफ महमूद ने कहा कि सफलता का अर्थ किसी निश्चित लक्ष्य को प्राप्त करना और आंतरिक संतुष्टि का अनुभव करना है। यह कोई निश्चित मंजिल नहीं बल्कि एक सतत यात्रा है। हर व्यक्ति के लिए इसके मायने अलग हो सकते हैं, किसी के लिए यह धन-दौलत कमाना है, तो किसी के लिए मानसिक शांति पाना है।
मुख्य वक्ता कारी मुहम्मद अनस नक्शबंदी ने कहा कि गर्मी की छुट्टी का सदुपयोग करना सभी के लिए महत्वपूर्ण है, चाहे वह छात्र हों या शिक्षक, क्योंकि इसमें उन्हें आराम करने, खुद को बेहतर बनाने, और नई चीजें सीखने का अवसर मिलता है। बच्चे ऊर्जा से भरे होते है। इस वजह से जब भी वे खाली होते हैं तो अपने इस असीमित ऊर्जा को खर्च करने के लिए वे तरह-तरह की शरारतें करते है, इसलिए गर्मी की छुट्टियों में बच्चों की ऊर्जा का सही इस्तेमाल करना जरूरी है। बच्चों को लाइब्रेरी जाने व किताबें पढ़ने के लिए प्रेरित करें। पढ़ना एक ऐसी अच्छी आदत है, जिससे हम जीवन भर कुछ न कुछ नया सीखते रहते हैं। बच्चे के व्यक्तित्व के विकास के लिए सिर्फ पाठ्यक्रम में शामिल किताबें पढ़ना ही काफी नहीं है। बल्कि उन्हें दीनी, बाल-साहित्य और विज्ञान और सामान्य ज्ञान से जुड़ी रोचक और ज्ञानवर्द्धक किताबें भी पढ़नी चाहिए।
विशिष्ट वक्ता नाजिया खातून ने कहा कि बिना लक्ष्य के मेहनत करना दिशाहीन भटकाव की तरह है। किसी भी बड़े काम में समय लगता है, इसलिए धैर्य बनाए रखना आवश्यक है। अपने समय का सही उपयोग करना सफल लोगों की सबसे बड़ी आदत है। असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
अंत में मुल्क में अमन ओ अमान, तरक्की व भाईचारे की दुआ मांगी गई। समर क्लासेज में आयशा खातून, शीरीन आसिफ, बेलाल अहमद, हाफिज आरिफ रजा, फरीदा खातून, अर्जुमंद बानो, अदीबा अंसारी, गुलफशा खातून, फरहीन, सना परवीन, फरहत, आयशा आबिद, यासमीन अख्तर, तानिया अख्तर, साफिया, सैयदा यासमीन, हस्सान आसिफ सहित तमाम बच्चे मौजूद रहे।
IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.
© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.