Tranding

महराजगंज में 208 करोड़ की 79 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

करुणाकर राम त्रिपाठी

महराजगंज, उत्तर प्रदेश

योगी आदित्यनाथ ने जनपद महराजगंज के नौतनवा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 208 करोड़ रुपये लागत की 79 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, प्रतीकात्मक चाभी, चेक एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का भी अवलोकन किया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में महराजगंज सहित पूरे उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदली है और प्रदेश बीमारू राज्य की छवि से निकलकर आधुनिक राज्य के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि नौतनवा क्षेत्र में सड़क, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने रोहिन बैराज, बनैलिया देवी मंदिर के जीर्णोद्धार, प्रस्तावित सीएम कंपोजिट विद्यालय और निर्माणाधीन गोरखपुर–सोनौली फोरलेन मार्ग का उल्लेख करते हुए कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराना “रोटी-बेटी” का संबंध है और दोनों देशों की साझा सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का कार्य लगातार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पूर्वांचल में कभी जेई और एईएस जैसी बीमारियों से बड़ी संख्या में बच्चों की मौत होती थी, लेकिन सरकार के लगातार प्रयासों से अब इन बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वनटांगिया गांवों को पिछले नौ वर्षों में पहचान और अधिकार दिलाने का काम सरकार ने किया है तथा उन्हें विकास योजनाओं से जोड़ा गया है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश का नौजवान अपनी पहचान बताने में गर्व महसूस करता है। उन्होंने बताया कि महराजगंज के सैकड़ों युवाओं ने पुलिस भर्ती में सफलता प्राप्त कर प्रदेश पुलिस में अपनी जगह बनाई है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा लाभार्थियों को कृषि यंत्र, टूलकिट, आयुष्मान कार्ड एवं अन्य योजनाओं से संबंधित स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

इस अवसर पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’, विधायक नौतनवा, विधायक पनियरा ज्ञानेंद्र सिंह, विधायक सदर जयमंगल कन्नौजिया, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय सहित वरिष्ठ अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Karunakar Ram Tripathi
28

Leave a comment

Most Read

Advertisement

Newsletter

Subscribe to get our latest News
About IndiaKhabar

IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.

Follow Us

© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.