गुरु गोरक्षनाथ मंदिर परिसर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का हुआ आयोजन, महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा, श्रद्धालुओं ने किया रुद्राभिषेक
जनपद के विभिन्न मंदिरों में आयोजित हुए धार्मिक–सांस्कृतिक कार्यक्रम, शिवालयों पर चला स्वच्छता अभियान
महराजगंज, उत्तर प्रदेश
‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अंतर्गत जनपद के विभिन्न शिवालयों में भव्य धार्मिक–सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम का आयोजन चौक स्थित गुरु गोरक्षनाथ मंदिर परिसर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत नगर पंचायत चौक से गुरु गोरक्षनाथ मंदिर स्थित शिवालय तक कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं एवं आमजन शामिल हुए।
कलश यात्रा के उपरांत परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, जिला पंचायत राज अधिकारी सुश्री श्रेया मिश्रा, जिला सूचना अधिकारी सहित श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से रुद्राभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया। इस दौरान गुजरात के सोमनाथ मंदिर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
वहीं कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित ‘सोमनाथ संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारत की आस्था, संस्कृति और संघर्ष की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर सदियों से भारतीय सभ्यता को आत्मविश्वास, एकता और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देता रहा है। धार्मिक स्थल केवल पूजा-अर्चना के केंद्र नहीं, बल्कि समाज की सांस्कृतिक पहचान और गौरव के प्रतीक भी होते हैं। यह पर्व नई पीढ़ी को भारत की गौरवशाली विरासत से जोड़ने का माध्यम है।
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर जनपद के विभिन्न शिवालयों में पूजन-अर्चन, मंत्रोच्चार एवं रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। साथ ही सभी मंदिर परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।
उल्लेखनीय है कि गुजरात के प्रभास पाटन स्थित विश्वविख्यात सोमनाथ मंदिर को द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रथम माना जाता है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमनाथ मंदिर में पूजन-अर्चन कर श्रद्धालुओं को संबोधित किया। वहीं वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में महामहिम राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहभागिता की।
IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.
© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.