Tranding

श्रमिक दिवस पर डीएम संतोष कुमार शर्मा ने किया स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण, श्रमिकों का हुआ सम्मान

महराजगंज, उत्तर प्रदेश

अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने नगर क्षेत्र के सक्सेना चौराहे पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं निःशुल्क दवा वितरण का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से जानकारी प्राप्त की। शिविर में कुल 72 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। महिला श्रमिकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

जिलाधिकारी ने श्रमिकों से संवाद कर उनका हालचाल जाना और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि श्रमिक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं तथा उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान का ध्यान रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत जिलाधिकारी बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर अंबेडकर पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके शांति, करुणा व मानवता के संदेश को प्रेरणादायी बताया।

तत्पश्चात नगर पालिका परिषद सभागार में आयोजित श्रमवीर गौरव समारोह के ऑनलाइन प्रसारण में सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संदेश को जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं श्रमिकों ने सुना।

कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी ने नगर पालिका के श्रमिकों को सम्मानित करते हुए कहा कि “श्रमवीर” की संज्ञा श्रमिकों के परिश्रम और योगदान का सम्मान है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का श्रम छोटा नहीं होता और हर वर्ग का योगदान राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण है। उन्होंने महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए श्रम की गरिमा पर बल दिया।

अंत में जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में गौतम बुद्ध की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार, अपर उप जिलाधिकारी प्रेम शंकर पांडेय, नगर पालिका परिषद अध्यक्षा पुष्पलता मंगल सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Karunakar Ram Tripathi
34

Leave a comment

Most Read

Advertisement

Newsletter

Subscribe to get our latest News
About IndiaKhabar

IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.

Follow Us

© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.