धनंजय कुमार शर्मा
बलिया, उत्तर प्रदेश।
समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता सुशील कुमार पाण्डेय ‘कान्हजी’ ने रविवार को प्रेस को जारी एक विज्ञप्ति में जनहित से जुड़े कई मुद्दों पर सरकार को घेरा।
उन्होंने कहा कि एसआईआर की आड़ में मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां की जा रही हैं। इतना गहन निरीक्षण होने के बावजूद मतदाता सूची में त्रुटियों की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। भाजपा के लोग संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर जनता के अधिकारों का अतिक्रमण करने पर आमादा हैं, जो लोकतंत्र के लिए अत्यंत घातक और निंदनीय है।
कान्हजी ने कहा कि महंगाई सुरसा के मुंह की तरह लगातार बढ़ती जा रही है, जबकि सत्ता में बैठे लोग विज्ञापनों और होर्डिंगों के माध्यम से केवल सुनहरे सपने दिखाने में लगे हैं। वास्तविक मुद्दों पर सवाल उठाने वाले लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है।
सपा नेता ने विद्युत व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिजली की खपत प्रतिदिन बढ़ रही है, लेकिन विकास की बड़ी-बड़ी बातें करने वाली सरकार के कार्यकाल में एक भी नया सबस्टेशन तक जनपद में स्थापित नहीं किया गया। भीषण गर्मी के बीच बेहिसाब विद्युत कटौती कर आम जनता क्रूर मजाक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मिड्ढी चौराहा से एनसीसी चौराहा तक की सड़क पिछले दो-तीन वर्षों से खोदी जा रही है, लेकिन आज तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका। इससे आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है और कड़ी धूप में आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
© Copyright All rights reserved by India Khabar 2026