महराजगंज, उत्तर प्रदेश
वर्तमान समय में जनपद के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा ड्रोन, चोरी एवं चोरों के आने संबंधी अफवाहें फैलाई जा रही हैं। इन अफवाहों के कारण ग्रामीणों में भय व असुरक्षा का वातावरण उत्पन्न हो रहा है, साथ ही कुछ शरारती तत्व खिलौना ड्रोन उड़ाकर भी माहौल को अशांत करने का प्रयास कर रहे हैं । इन परिस्थितियों की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक महराजगंज सोमेंद्र मीना द्वारा सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी/हल्का प्रभारी व बीट आरक्षियों को निर्देशित किया गया है कि सभी अपने अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर ग्राम सुरक्षा समितियों/ग्राम प्रधानों की बैठकें नियमित रूप से आयोजित करें। पुलिस टीम गांव-गांव जाकर ग्रामीणों को जागरूक करे कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि किसी क्षेत्र में कोई संदिग्ध अथवा बाहरी व्यक्ति दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल डायल-112, नजदीकी चौकी अथवा थाने पर दें । पुलिस मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति का सत्यापन/पूछताछ करेगी।
ग्रामीणों को समझाया जाए कि संदिग्ध व्यक्ति को देखकर कानून अपने हाथ में न लें, अन्यथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी । थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाएं तथा गश्त के दौरान संवेदनशील स्थलों एवं मुख्य मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जाए।
जनपदीय पुलिस का प्रमुख उद्देश्य नागरिकों के मध्य विश्वास, शांति एवं सुरक्षा का वातावरण बनाए रखना है। ग्राम सुरक्षा समितियों के माध्यम से गांव-गांव जाकर पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि जनपद के किसी भी कोने में अफवाहों या शरारती तत्वों के कारण शांति व्यवस्था प्रभावित न हो सके।
पुलिस अधीक्षक द्वारा शनिवार देर रात्रि स्वयं निचलौल, सिंदुरिया आदि थाना क्षेत्रों के गांवों/कस्बों में रात्रि भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया गया। भ्रमण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से आमने-सामने संवाद स्थापित किया गया तथा ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जनपदीय पुलिस हर समय जनता की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्पर और प्रतिबद्ध है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम, युट्यूब आदि माध्यमों पर प्रसारित होने वाली झूठी, भ्रामक व गुमराह करने वाली खबरों पर भरोसा न करें। किसी भी सूचना की पुष्टि आधिकारिक माध्यम से ही करें तथा सतर्क रहते हुए पुलिस का सहयोग करें। पुलिस बिना जनता के सहयोग के अपराध पर नियंत्रण नहीं कर सकती। अफवाह फैलाना समाधान नहीं है, बल्कि संदिग्ध गतिविधि दिखने पर एक जिम्मेदार नागरिक का फर्ज निभाते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दें।
IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.
© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.