करुणाकर राम त्रिपाठी
महराजगंज, उत्तर प्रदेश
गोरखपुर मंडल के एडीजी अशोक मुथा जैन ने पुलिस लाइन सभागार में कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण और आगामी त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा मौजूद रहे।
एडीजी ने कहा कि त्योहारों के दृष्टिगत शहर की प्रमुख सड़कों की जांच कर कैमरे लगवाए जाएं। क्राइम पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चोरी, लूट, डकैती जैसी घटनाओं में हुई रिकवरी की ठोस पैरवी कर अपराधियों को सजा दिलाई जाए। उन्होंने ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत बड़े अपराधियों की सूची तैयार कर उनके खिलाफ हिस्ट्रीशीट खोलने, गुंडा एक्ट व गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में हो रही तस्करी पर भी विशेष निगरानी के लिए एडीजी ने कहा कि खाद, नशीली दवाएं, एनडीपीएस और अन्य ड्रग्स की तस्करी रोकने के लिए सीमा पर लगातार चेकिंग और इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने साइबर अपराधों को लेकर कहा कि जैसे ही किसी साइबर फ्रॉड की जानकारी मिले, तत्काल कार्रवाई कर पीड़ित की राशि को फ्रीज किया जाए। चोरी की घटनाओं का शीघ्र वर्कआउट करते हुए अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि जिले में अब तक 11 अपराधियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की जा चुकी है, जिसे और बढ़ाए जाने की जरूरत है।
गोकशी, लूट व चोरी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस को हर समय अलर्ट रहने का निर्देश देते हुए एडीजी ने कहा कि कानून-व्यवस्था के साथ कोई समझौता नहीं होगा।
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने उन नव आरक्षियों से भी मुलाकात की, जो हाल ही में पुलिस कांस्टेबल भर्ती में चयनित होकर जनपद में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने नवचयनित अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे पूरे मनोयोग और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण पूर्ण करें, क्योंकि यही उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को पुलिसिंग के दायित्वों का बोध कराते हुए ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के मूल मंत्र को आत्मसात करने की प्रेरणा दी।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.
© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.