करुणाकर राम त्रिपाठी
महराजगंज, उत्तर प्रदेश।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यदायी संस्थाओं के साथ निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न निर्माण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए तथा पूर्ण हो चुके कार्यों को शीघ्र संबंधित विभागों को हैंडओवर किया जाए। जिन परियोजनाओं में समय सीमा बढ़ाने की आवश्यकता है, उनके लिए संबंधित विभागाध्यक्षों से समन्वय कर समयावधि बढ़वाने और तय समय में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में डीएम ने कार्यदायी संस्थावार परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की और निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं में तेजी लाने के लिए आवश्यकतानुसार उनके स्तर से अर्धशासकीय पत्र भी जारी कराए जा सकते हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, डीएफओ निरंजन सुर्वे राजेंद्र, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं एवं विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
© Copyright All rights reserved by India Khabar 2026