करुणाकर राम त्रिपाठी
महराजगंज, उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा के पहले दिन शनिवार को जनपद के 11 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई।
प्रथम पाली में 3358 एवं द्वितीय पाली में 3428 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। इस प्रकार कुल 6786 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1854 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा की निष्पक्षता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत जनपद में कुल 437 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, जिसमें पुलिस उपाधीक्षक, निरीक्षक, उपनिरीक्षक, कांस्टेबल, महिला आरक्षी, एलआईयू एवं ट्रैफिक पुलिस शामिल रही। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, सीसीटीवी निगरानी एवं पुलिस की सतत निगरानी में परीक्षा प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी केंद्रों पर मुस्तैद सुरक्षा व्यवस्था के चलते परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई।
रविवार को दूसरे दिन भी जनपद के 11 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें 8640 अभ्यर्थियों के शामिल होने की व्यवस्था की गई है।
IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.
© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.