करुणाकर राम त्रिपाठी
महराजगंज, उत्तर प्रदेश
सांसद एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यान्वयन के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान नौतनवा क्षेत्र में रसोई गैस सिलिंडर की किल्लत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया, जिस पर मंत्री ने जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल आपूर्ति व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश दिए। वहीं विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तारों को लेकर भी चिंता जताई गई, जिस पर विद्युत विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
ग्राम पंचायत सदस्यों के लंबित भत्तों के भुगतान में देरी पर नाराजगी जताते हुए डीपीआरओ को मिशन मोड में भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों को बढ़ावा देने और उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
रोजगार सेवकों के कार्य बहिष्कार के मुद्दे पर मंत्री ने उपायुक्त स्वतः रोजगार को प्रतिनिधिमंडल से वार्ता कर समस्या का समाधान कराने का निर्देश दिया। सड़क हादसों पर चिंता व्यक्त करते हुए हेलमेट सहित सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद में चल रही योजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि बड़ी संख्या में लोगों को पेंशन, आवास, मनरेगा रोजगार एवं किसान सम्मान निधि का लाभ दिया जा रहा है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा आभा आईडी निर्माण में भी उल्लेखनीय प्रगति की गई है।
बैठक में जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कार्यक्रम समेत विभिन्न योजनाओं की गहन समीक्षा की गई।
अंत में मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों का गंभीरता से समाधान करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है और योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति रही।
IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.
© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.