रिपोर्ट: विनोद विरोधी
गया, बिहार
जिले के इमामगंज प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय पथराटांड़ क्षेत्र के महादलित टोला में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 को लेकर नामांकन जागरूकता अभियान धूमधाम से चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व पूर्व बीआरपी मोइन आलम ने किया।
अभियान के तहत 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के नामांकन पर विशेष जोर दिया गया। महादलित टोला में गाजे-बाजे के साथ जागरूकता रैली निकाली गई,जिसमें शिक्षक-शिक्षिकाओं ने घर-घर जाकर अभिभावकों और बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताया और उन्हें विद्यालय में नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षकों ने अभिभावकों को समझाया कि सभी बच्चों का स्कूल में दाखिला जरूरी है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह जाए। अभियान के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार अब तक लगभग 26 बच्चों का नामांकन किया जा चुका है, जबकि शेष बच्चों का नामांकन भी जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
बताया गया कि यह नामांकन अभियान 1 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 30 दिनों तक लगातार चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इस मौके पर प्राथमिक विद्यालय पथराटांड़ के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे और अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। शिक्षक मोहम्मद रिज़वान,हेमा,वशी अहमद,मो० ग़ालिब, मो शमसिर ,अजय कुमार,रूबी कुमारी आदि मौजूद थी।
IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.
© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.