महराजगंज, उत्तर प्रदेश
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह द्वारा जिला खेल स्टेडियम में नव निर्मित वॉलीबॉल, लॉन टेनिस तथा बैडमिंटन कोर्ट का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मैदान में उगी झाड़ियों और फैली गंदगी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी (वि/रा) को निर्देशित किया कि नगर पालिका एवं पंचायत के सफाई कर्मियों की टीम गठित कर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे खिलाड़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।
डीएम ने लॉन टेनिस एवं वॉलीबॉल कोर्ट का निरीक्षण करते हुए मैदान के चारों ओर मिट्टी भराई कर किनारों व पटरी को समतल करने के निर्देश दिए, ताकि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की चोट न पहुंचे। साथ ही टेनिस बॉल को बाहर जाने से रोकने के लिए कोर्ट के चारों ओर मजबूत जाली लगाने को भी कहा।
बैडमिंटन हॉल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे खिलाड़ी बेहतर ढंग से अभ्यास कर सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि खेल सुविधाओं का विकास युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए अत्यंत आवश्यक है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप व समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कमियों को शीघ्र दूर कर खेल परिसर को पूरी तरह क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवीन कुमार गोयल, उपजिलाधिकारी प्रेम शंकर पाण्डेय, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, जिला क्रीड़ा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.
© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.