महराजगंज, उत्तर प्रदेश
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर जनपद के नौतनवा तहसील क्षेत्र में संदिग्ध दवा दुकानों के खिलाफ व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई का उद्देश्य प्रतिबंधित एवं अवैध दवाओं की बिक्री और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना रहा।
उपजिलाधिकारी नौतनवा के नेतृत्व में राजस्व, स्वास्थ्य, पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र की कई मेडिकल दुकानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान लारी मेडिकल स्टोर, नेशनल मेडिकल स्टोर, जयसवाल मेडिकल स्टोर्स, शुभम मेडिकल स्टोर, पाठक मेडिकल स्टोर, अनामिका मेडिकल स्टोर और कृष्णा मेडिकल स्टोर सहित कुल 7 प्रतिष्ठानों की सघन जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान दवा अभिलेख, स्टॉक रजिस्टर, लाइसेंस और दवाओं की गुणवत्ता की जांच की गई। अनियमितताएं पाए जाने पर 4 संदिग्ध दुकानों से दवाओं के नमूने लेकर उन्हें परीक्षण के लिए सील कर दिया गया। औषधि निरीक्षक ने बताया कि इन नमूनों को राजकीय प्रयोगशाला भेजा जाएगा, जहां उनकी गुणवत्ता और वैधता की जांच होगी।
प्रशासन के अनुसार, जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध दवा या अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
छापेमारी अभियान में क्षेत्राधिकारी नौतनवा अनिरुद्ध कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र आर्या, औषधि निरीक्षक नवीन कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.
© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.