Tranding

डॉ. अम्मार रिज़वी के प्रयासों से सऊदी अरब में मृत युवक का शव वतन पहुँचा।

अबू शहमा अंसारी

लखनऊ, उत्तर प्रदेश।

सऊदी अरब में हुए एक दुखद हादसे में मृत युवक रवि गोपाल का शव आज सुबह चौधरी चरण सिंह अमौसी एयरपोर्ट, लखनऊ पहुँचा, जहाँ से उसे जनपद सीतापुर की तहसील महमूदाबाद के ग्राम बघाइन के लिए रवाना किया गया। इस दौरान परिजन, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे तथा वातावरण शोकपूर्ण रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लगभग 25 वर्षीय रवि गोपाल सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित रीवा प्लास्टिक फैक्ट्री में कार्यरत थे। 18 मार्च को फैक्ट्री पर मिसाइल गिरने के परिणामस्वरूप उनकी मृत्यु हो गई, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कम उम्र में हुआ यह दर्दनाक हादसा पूरे क्षेत्र के लिए शोक का विषय है।

शव को वतन लाने के लिए सीतापुर जिला प्रशासन द्वारा पूर्व से ही आवश्यक व्यवस्थाएँ की गई थीं। नायब तहसीलदार और एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर की निगरानी में एंबुलेंस की व्यवस्था की गई थी, जो सुबह से ही एयरपोर्ट पर मौजूद रही। मृतक के बड़े भाई मनमोहन सहित अन्य परिजन भी एयरपोर्ट पर उपस्थित थे।

सूत्रों के अनुसार पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री एवं ऑल इंडिया माइनॉरिटीज फोरम फॉर डेमोक्रेसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अम्मार रिज़वी ने इस मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने रात में ही एयरपोर्ट के वरिष्ठ अधिकारियों, जिनमें अजहर यूसुफ तथा फ्लाई नास के जनरल मैनेजर शामिल हैं, से संपर्क स्थापित किया, जिसके परिणामस्वरूप शव लाने की प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सकी। फ्लाई नास के प्रतिनिधि अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और आवश्यक सहयोग प्रदान किया।

डॉ. अम्मार रिज़वी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री का आभार व्यक्त किया, जिनके निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को शीघ्र भारत लाया जा सका। उन्होंने मृतक के भाई मनमोहन तथा महमूदाबाद क्षेत्र के लोगों की ओर से भी भारत सरकार के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

इसके अतिरिक्त डॉ. रिज़वी ने एक पत्र के माध्यम से मांग की है कि रीवा प्लास्टिक फैक्ट्री के मालिकों को निर्देशित किया जाए कि वे मृतक के परिवार को कम से कम एक करोड़ रुपये का मुआवजा दें, ताकि परिवार का भरण-पोषण संभव हो सके।

क्षेत्र के लोगों ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए सरकार से मांग की है कि विदेशों में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएँ, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

यह जानकारी ऑल इंडिया माइनॉरिटीज फोरम फॉर डेमोक्रेसी के प्रकाशन एवं प्रचार-प्रसार विभाग के सचिव अबुशहमा अंसारी द्वारा प्रदान की गई।

Jr. Seraj Ahmad Quraishi
48

Leave a comment

Most Read

Advertisement

Newsletter

Subscribe to get our latest News
About IndiaKhabar

IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.

Follow Us

© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.