धनंजय कुमार शर्मा
बिल्थरारोड, बलिया। कस्बा स्थित जामा मस्जिद में शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे की जमातुल विदा (अलविदा जुमें) की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में रोजेदारों ने नमाज में हिस्सा लिया और मुल्क में अमन चैन तथा तरक्की के लिए दुआएं मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक दूसरे को गले लगा कर ईद की मुबारकबाद दी।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व ब्लाक प्रमुख विनय प्रकाश आंचल तथा आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सपा से टिकट के दावेदार राजन कनौजिया जमा मस्जिद पहुंचे। उन्होंने रोजेदारों से मुलाकात कर ईद की अग्रिम शुभकामनाएं दी और क्षेत्र में भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। इस मौके पर समाजसेवी निलेश दीपू भी मौजूद रहे।
ईद के मद्देनजर कस्बे में काफी चहल पहल देखी गई। वही कपड़ा,चप्पल, जूते, सेवई आदि की दुकानों पर खरीददारी की रौनक देखी गई। बच्चे,युवा, बुजुर्ग, सभी ईद की सामग्री खरीदते नजर आए।
ईद और अलविदा जुम्मे को देखते हुए नगर में साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया है। त्योहार को देखते हुए मस्जिदों के आस पास साफ सफाई करवाई गई है ताकि नमाजियों को किसी प्रकार परेशानी न हो।
ईद के मद्देनजर त्योहार को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है। सुरक्षा व्यवस्था,यातायात नियंत्रण और अन्य गतिविधियों को लेकर कदम उठाए जा रहे हैं।ईद का त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का प्रतीक है। बिल्थरारोड में प्रत्येक साल की भांति इस साल भी 21मार्च दिन शनिवार को ईद का त्योहार बड़े ही हर्षोल्लास और शांति पूर्वक मनाने की तैयारी है।
IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.
© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.