करुणाकर राम त्रिपाठी
महराजगंज, उत्तर प्रदेश
मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिन कार्यदायी संस्थाओं द्वारा निर्माण कार्यों में शिथिलता बरती जा रही है तथा जो कार्य समय से पूर्ण नहीं हो पा रहे हैं, उनके विरुद्ध सुसंगत कार्रवाई हेतु पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जिन निर्माण कार्यों की समय सीमा मार्च माह में निर्धारित है, उन्हें हर हाल में 31 मार्च तक पूर्ण किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यदायी संस्थाएं जैसे यू0पी0आर0एन0एस0एस, यू0पी0 सिडिको, यू0पी0पी0सी0एल0, सी एंड डी एस, पुलिस आवास निगम एवं राज्य सेतु निगम के कार्यों में धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अर्थ एवं संख्या अधिकारी को संबंधित संस्थाओं को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड एवं निर्माण खंड) के अंतर्गत कुल 39 सड़क परियोजनाएं संचालित हैं, जिनमें से 13 परियोजनाओं पर वर्तमान में कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त ग्रामीण अभियंत्रण, जल निगम एवं वन विभाग के कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अर्थ एवं संख्या अधिकारी, पीडब्ल्यूडी प्रांतीय एवं निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता, इंडो-नेपाल बॉर्डर से संबंधित अधिकारी तथा सभी कार्यदायी संस्थाओं के अधिशासी अभियंता एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.
© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.