महराजगंज, उत्तर प्रदेश
पेट्रोलियम पदार्थों की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने और जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जिला प्रशासन ने जनपद मुख्यालय पर कंट्रोल रूम स्थापित किया है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के आदेश पर पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों और सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है।
जारी आदेश के अनुसार कंट्रोल रूम का मोबाइल नंबर 8423675896 निर्धारित किया गया है। कंट्रोल रूम के प्रभारी अधिकारी के रूप में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवीन गोयल को नामित किया गया है। उनके साथ विभिन्न अधिकारियों को सहायक प्रभारी और नोडल अधिकारी के रूप में ड्यूटी पर लगाया गया है।
सुबह 6:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक की शिफ्ट में डिप्टी कलेक्टर विजय यादव सहायक प्रभारी अधिकारी रहेंगे, जबकि क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विजय कुमार साहनी नोडल अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे।
वहीं दोपहर 2:00 बजे से रात 10:00 बजे तक की शिफ्ट में जिला खाद्य विपणन अधिकारी विवेक सिंह सहायक प्रभारी अधिकारी रहेंगे। उनके साथ पूर्ति निरीक्षक अरविंद कुमार, बृजेश कुमार पाण्डेय और बालेन्द्र मणि त्रिपाठी को नोडल अधिकारी के रूप में तैनात किया गया है।
जिला प्रशासन ने निर्देश दिया है कि पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता से संबंधित शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए और पुलिस, अस्पताल, सरकारी कार्यालयों तथा अन्य आवश्यक सेवाओं में पेट्रोल, डीजल व एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
संबंधित विभागों और अधिकारियों को आदेश की प्रति भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.
© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.