महराजगंज, उत्तर प्रदेश
महराजगंज जनपद के थाना चौक क्षेत्रान्तर्गत खिचड़ी मेला के सफल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्वक आयोजन के दृष्टिगत रखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा मेले में नियुक्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग की गई। इस अवसर पर उन्होंने सभी कर्मियों को अपनी ड्यूटी इमानदारी, तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खिचड़ी मेला में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं आम जनता शामिल होती है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने मेले क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा घेरा, बैरिकेटिंग, पार्किंग व्यवस्था एवं कंट्रोल रूम से सतत संपर्क बनाए रखने के साथ-साथ आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने फोर्स को सतर्क रहते हुए हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी निगाह रखने, गश्त बढ़ाने एवं प्वाइंट ड्यूटी पर पूर्ण अनुशासन के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने महिला सुरक्षा, भगदड़ रोकथाम, लाउडस्पीकर के माध्यम से जागरूकता, हेल्प डेस्क संचालन व खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस का व्यवहार आम जनता के प्रति विनम्र, सहयोगात्मक एवं सकारात्मक होना चाहिए, ताकि लोग निर्भय होकर मेले में सम्मिलित हो सकें। किसी प्रकार की शिकायत मिलने पर तुरंत कार्यवाही करने और उच्चाधिकारियों को सूचित करने के लिए भी निर्देश दिए गए।
अंत में अपर पुलिस अधीक्षक ने उम्मीद जताई कि सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करेंगे तथा खिचड़ी मेला शांति, सौहार्द और व्यवस्था के साथ संपन्न होगा। पुलिस प्रशासन द्वारा मेले क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां की जा चुकी हैं और आम जनता से शांति एवं सहयोग बनाए रखने की अपील की गई है।
IndiaKhabar is an independent online news portal committed to accurate, timely and responsible journalism.
© 2026 IndiaKhabar. All rights reserved.