गोरखपुर, उत्तर प्रदेश
पैगम्बर मोहम्मद साहब के दामाद और मुसलमानों के चौथे खलीफा हज़रत अली अलैहिस्सलाम की शहादत की याद में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 19 रमज़ान को कदीमी (परम्परागत) ताबूत व मातमी जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस मरहूम श्री आगा मुख्तार हुसैन की परंपरा के अनुसार आयोजित किया जाता रहा है।
आयोजकों के अनुसार, 9 मार्च 2026 (19 रमज़ान, 1447 हिजरी) को रात 8 बजे मस्जिद रानी अशरफुन्निसा खानम, शेषपुर गीता प्रेस के सामने से ताबूत व मातमी जुलूस निकलेगा। जुलूस लाल डिग्गी चौराहा और सौदागर मोहल्ला चौराहा होते हुए बसंतपुर मुतनाज़ा स्थित निवास स्थान पर पहुंचेगा, जहां मजलिस के बाद कार्यक्रम समाप्त होगा।
इसी क्रम में 10 मार्च 2026 (20 रमज़ान) को रात 8 बजे मियां बाजार, पूरब फाटक स्थित मरहूम हैदर रज़ा साहब के दौलतखाने से मजलिस के बाद ताबूत उठेगा, जो कोतवाली रोड, नखास चौक और रेती होते हुए इमामबाड़ा रानी अशरफुन्निसा खानम पहुंचेगा।
वहीं 11 मार्च 2026 (21 रमज़ान) को मरहूम आगा मुज़फ्फर हुसैन साहब के बसंतपुर स्थित दौलतखाने से नमाज और मजलिस के बाद ताबूत उठेगा, जो नकी रोड, घंटाघर, उर्दू बाजार और रेती होते हुए इमामबाड़ा रानी अशरफुन्निसा खानम पर जाकर समाप्त होगा।
आयोजक आगा शानदार हुसैन उर्फ पैगाम अली ने सभी अकीदतमंदों से कार्यक्रम में शामिल होकर हज़रत अली की शहादत की याद में आयोजित मजलिस व मातमी जुलूस में भाग लेने की अपील की है।
© Copyright All rights reserved by India Khabar 2026