व्यवसायियों के समक्ष गंभीर संकट
रिपोर्ट: विनोद विरोधी
गया, बिहार।
जिले के बाराचट्टी प्रखंड अंतर्गत शोभ में जीटी रोड पर वर्षों से जमे फल व सब्जी मंडी को अतिक्रमण मुक्त करने की सख्त चेतावनी बाराचट्टी थाना की पुलिस ने दी है।अतिक्रमण मुक्त नहीं किए जाने पर कानूनी कार्रवाई की भी बात कही गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 2 को फोरलेन से सिक्सलेन में तब्दील किया गया है। इस बीच लंबे अरसे से यहां स्थानीय किसानों व व्यवसायियों द्वारा फल व सब्जी की खुदरा मंडी लगाई जाती है, जो पहले सुबह से देर रात तक जमावड़ा लगा रहता है। इस कारण आए दिन दुर्घटनाओं की भी आशंका बनी रहती है। स्थानीय प्रशासन ने सड़क निर्माण के दौरान कई बार इसे हटाया भी गया, लेकिन फल और सब्जी के विक्रेता हमेशा अपना कब्जा बरकरार रखे हैं। इधर जीटी रोड निर्माण का काम 90 फीसदी पूरा हो चुका है और छोटे बड़े वाहनों का आवागमन तेज गति से रहता है।फल व सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि एन एच 2 द्वारा जीटी रोड पर अधिकांश भूमि अधिग्रहण कर लेने के कारण हम छोटे व्यवसायियों के समक्ष गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।एक तो शोभ बाजार में सड़क किनारे जो सर्विस रोड बनाया गया है वह काफी संकीर्ण है ,वहीं कोई भी दुकानदार अपने दुकान के सामने सब्जी व फल दुकान लगाने से परहेज करते हैं।ऐसी स्थिति में हम सब कहां जाएं और कौन सा धंधा कर अपना व परिवार का भरण पोषण कर सकें? वहीं प्रशासन हमें फल व सब्जी की दुकान नहीं हटाने पर मुकदमा करने की चेतावनी दे रखी है।
© Copyright All rights reserved by India Khabar 2026