शुक्रवार को अदा की जाएगी माह-ए-रमजान के अंतिम जुमा की नमाज
गोरखपुर, उत्तर प्रदेश।
माह-ए-रमजान के 29 रोजे गुरुवार को पूरे हो गए। शाम को सभी माह-ए-शव्वाल माह का चांद देखने का बेसब्री से इंतजार करते दिखे। आसमान पर नजरें गड़ाए रहे। उलमा किराम ने चांद देखने की कोशिश की। जिले में मौसम साफ होने के बाद भी चांद नजर नहीं आया। और देश के अन्य किसी हिस्से से भी चांद के नजर आने की कोई भी आधिकारिक पुष्टि नहीं आई। शहर काजी मुफ्ती मुहम्मद अजहर शम्सी ने बताया कि जिले में शव्वाल माह का चांद नजर नहीं आया है इसलिए ईद-उल-फित्र का त्योहार शनिवार 21 मार्च को अकीदत, मुहब्बत व रवायत के अनुसार मनाया जाएगा। शुक्रवार 20 मार्च को 30वां रोजा रखा जाएगा और माह-ए-रमजान के अंतिम जुमा की नमाज अदा की जाएगी।
उन्होंने अवाम को ईद-उल-फित्र की मुबारकबाद देते हुए कहा कि ईल-उल-फित्र अल्लाह का तोहफा है लिहाजा अपनी खुशियों में सभी सभी को शामिल करें। सादगी से त्योहार मनाएं। हकदार जरूरतमंदों में जकात व फित्रा की रकम पहुंचा दें। पूरी दुनिया में अमन ओ अमान के लिए दुआ करें। मुहब्बत व भाईचारे को आम करें। नफरतों को खत्म करें।
© Copyright All rights reserved by India Khabar 2026